
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है. बोर्ड ने विंटर-बाउंड स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा, प्रोजेक्ट असेसमेंट और इंटरनल असेसमेंट का शेड्यूल जारी कर दिया है. इन स्कूलों में परीक्षाएं 9 नवंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर 2026 तक चलेंगी हालांकि इस बार स्कूलों को केवल परीक्षा आयोजित कराने की ही तैयारी नहीं करनी होगी बल्कि छात्रों की फाइनल लिस्ट तैयार करने, जरूरत के अनुसार बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति और हर बैच की ग्रुप फोटो अपलोड करने जैसे निर्देशों का भी पालन करना होगा.
CBSE ने साफ किया है कि फिलहाल जारी किया गया शेड्यूल और निर्देश केवल विंटर-बाउंड स्कूलों के लिए हैं. सामान्य शैक्षणिक सत्र के अनुसार चलने वाले स्कूलों के लिए बोर्ड अलग से सर्कुलर जारी करेगा. इसलिए नियमित सत्र वाले स्कूलों और उनके छात्रों को इस शेड्यूल को अपनी परीक्षा की अंतिम तारीख नहीं मानना चाहिए.
